Saturday 18 August 2012

एक नया स्रजन

भावनाओं के खेत में बोये थे चंद बीज़             
के एक रोज़ प्रेम की फसल लहलहाएगी ,
मिलन के फूल खिलेंगे ,
स्पर्श की खुश्बू  बिखरेगी, 
एक नया स्रजन होगा !!
पर जीवन की आपाधापी में 
हम सींच ना सके,
प्रेमांकुर तो फूटने से पहले ही 
विलीन हो गए, 
उसी भावनाओं के खेत में 
और स्वतः  उग गए -
कुछ खरपतवार !!
ईर्ष्या,दर्द , नफ़रत 
और सूनापन तो ऐसा उगा 
के काटे नही कटता है...
अब तो शब्दों की आरी भी 
मोथरी हो चली...
एक माली , फूलों के कवि में तब्दील हो गया..
और कविता निरुद्देश्य नियति बन गयी.,.,!!!!!!!!!!!




Saturday 11 August 2012

क्षमा-याचना


प्रिय साथियों ,
                   पहले तो मैं आप सबका शुक्रगुजार हूँ कि मेरा ब्लॉग इतने दिनों तक विचार शून्य था किन्तु आप सबने मेरे प्रति अपने अगाध स्नेह को बनाये रखा और इससे जुड़े रहे I संभवतः मैं आप सबके इतने स्नेह का पात्र नही था तभी तो मैंने स्वयं को अब तक इससे वंचित रखा I  किन्तु एक बार फिर आपका स्नेहाकान्छी होकर उपस्थित हूँ और याचना करता हूँ कि मेरी इस भूल को तुच्छ   समझकर क्षमा  कर देंगे और अपने ह्रदय में पुनः मुझे स्थान देंगे I दरअसल कुछ बढ़ी हुयी जिम्मेदारियों और दायित्वों के बीच मैं  साहित्य प्रेम से न्याय नही कर पाया,  किन्तु मैं भलीभांति अवगत हूँ कि रचनाकार साहित्य जगत का आजीवन ऋणी होता है , उसे अपने साहित्य धर्म से विलग होने का अधिकार नहीं होता I अतः मैं पुनः अपने इसी धर्म के परिपालन के लिए उपस्थित हूँ , किन्तु यह आप सबके प्रेम और आशीर्वाद के बिना संभव नही होगा I            
                                                                                                                                                                               
                                                                  आपका स्नेहाकांक्षी I                                                                                                       



ग़म -ए-फ़िराक़ में जो मुझको तर-बतर कर दे 
मेरे मौला मुझे वो इश्क़ तू नज़र कर दे  

कोई फ़रेबी शमाँ फिर न मुझे पिघलाए 
मेरे वजूद को तू मोम का पत्थर कर दे   

मेरा गुमनामियों का शौक़ बना रहने दे  
ये शोहरतों का नशा ,मुझपे बेअसर कर दे  

मिली मंज़िल  तो पाया इसमे कोई प्यास नही  
मेरे मौला मुझे तू फिर से इक सफ़र कर दे  

तेरे हक़ूक में तारीकी अता हो  ' सागर '  
किसी ग़रीब की शामों को तू सहर कर दे